कैटो इंस्टीट्यूट
कैटो इंस्टीट्यूट की स्थापना एडवर्ड एच. क्रेन ने 1977 में की थी। यह एक अलाभकारी लोक नीति शोध फाउंडेशन है, जिसका मुख्यालय वाशिंगटन डीसी में है। इस इंस्टीट्यूट का नाम कैटोस लेटर्स पर आधारित है जो उदारवादी पर्चों की एक श्रृंखला है और इसने अमेरिकी क्रांति के दार्शनिक आधार की भूमिका निभाई। कैटो इंस्टीट्यूट लोकनीति के मापदंडों को और व्यापक बनाकर सीमित सरकार, व्यक्तिगत आजादी, स्वतंत्र बाजार और शांति के पारंपरिक अमेरिकी सिद्धांतों पर आम चर्चा की अनुमति दिलाना चाहता है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए इंस्टीट्यूट सरकार की भूमिका और नीतियों के बारे में अधिक से अधिक बुद्धिजीवियों और संबंधित लोगों को भागीदार बनाना चाहता है।
कैटो का प्रकाशन और उसका कामकाज
कैटो इंस्टीट्यूट ने लोकनीति से जुड़े मुद्दों पर व्यापक प्रकाशन किया है। इसने लोकनीति पर मूल्यांकन के लिए किताबों, मोनोग्राफों, संक्षिप्त पर्चों और लघु अध्ययनों का प्रकाशन किया है। कैटो साल भर महत्वपूर्ण नीति सम्मेलनों के रूप में नीति फोरम और बुक फोरम का आयोजन नियमित रूप से करता है और इन पत्रों को वर्ष में तीन बार कैटो जर्नल में प्रकाशित किया जाता है। इन सभी आयोजनों को कैटो की वेबसाइट पर संग्रहित किया जाता है। इसके अलावा कैटो ने लंदन, मास्को, शंघाई और मेक्सिको सिटी में भी महत्वपूर्ण सम्मलनों का आयोजन किया है। इंस्टीट्यूट त्रैमासिक पत्रिका ‘रेग्युलेशन’ और द्विमासिक न्यूज़ लेटर ‘कैटो पॉलिसी’ रिपोर्ट का भी प्रकाशन करता है।
केंद्र और योजनाएं
कैटो इंस्टीट्यूट के पास राष्ट्रीय और अंतराष्ट्रीय स्तर के केंद्र और योजनाएं हैं जो स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण व उर्जा, विदेश नीति और अंतर्राष्ट्रीय मानवाधिकारों सहित व्यापक विषयों पर काम करता है। इन केंद्रों और परियोजनाओं के विद्वान आज के महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर अमेरिकी अनुदान सिद्धांतों को सूक्षमता से लागू करते हैं। वे संवैधानिक दायरों से बाहर सरकार के हस्तक्षेप को रोकने के लिए भी प्रतिबद्ध हैं। साथ ही साथ वे व्यक्तिगत अधिकारों पर बढ़ते हमलों से जूझने के लिए भी तैयार रहते हैं।
कैटो इंस्टीट्यूट के बारे में अधिक जानकारी के लिये देखें : http://cato.org

